Latest News

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में पत्रकारों को किया संबोधित, 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य पर दिया जोर

नई दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्रकारों से आत्मीय संवाद किया। दीपावली और छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए पीएम मोदी ने व्यस्त दिनचर्या के बावजूद इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मीडियाकर्मियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम में भी पत्रकार ब्रेकिंग न्यूज की भागदौड़ में लगे रहते हैं, ऐसे में इस ‘नॉन-ब्रेकिंग न्यूज’ कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति बेहद खास है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने अपने पुराने अनुभवों को याद करते हुए मीडिया के बदलते दौर पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि 90 के दशक में प्रेस रिलीज भेजने के लिए फैक्स मशीन ढूंढनी पड़ती थी, जबकि आज तकनीक ने सब कुछ बदल दिया है और हर किसी का मोबाइल ही ओवी वैन बन गया है। उन्होंने 11 अशोक रोड स्थित अपने कमरे का एक पुराना किस्सा भी साझा किया, जब महिला पत्रकारों की एक टीम ने उन्हें सबसे पहले उनके गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की खबर दी थी। साथ ही, पीएम मोदी ने आपदा और हादसों के समय जान जोखिम में डालकर रिपोर्टिंग करने वाले फील्ड रिपोर्टर्स के जज्बे की जमकर सराहना की।

पीएम मोदी ने पत्रकारिता की ‘डेडलाइन’ की तुलना देश के लक्ष्यों से करते हुए कहा कि आज भारत भी 2047 की डेडलाइन के साथ काम कर रहा है। आजादी के 100 साल पूरे होने तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है और इसके लिए छोटे-बड़े लक्ष्यों को लगातार हासिल करना जरूरी है। चंद्रयान-3 की सफलता, मोबाइल निर्माण, चिनाब ब्रिज और स्टार्टअप इकोसिस्टम जैसी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि वे देश की सफलताओं और युवाओं को नशे से दूर रखने जैसी सकारात्मक मुहिम को अपने मंचों पर प्रमुखता दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *